उत्तराखंड में अप्रैल माह में प्रस्तावित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की पहल पर राजस्थान के निर्वाचन अधिकारियों ने देहरादून पहुंचकर अपने अनुभव साझा किए।
देहरादून में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने हाल ही में राज्य में संपन्न SIR प्रक्रिया पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य के दौरान अपनाई गई रणनीतियों और चुनौतियों से निपटने के तरीकों को साझा किया।
बैठक में डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रदेश में अब तक 87 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। जिन बूथों पर यह कार्य धीमी गति से चल रहा है, वहां संबंधित अधिकारियों को समयसीमा तय करते हुए जल्द से जल्द मैपिंग पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दौरान राज्य और जिला स्तर के अधिकारियों, डिप्टी डीईओ, अपर जिला अधिकारियों के साथ-साथ नेशनल और स्टेट लेवल मास्टर ट्रेनर्स (NLMT, SLMT) ने भी भाग लिया। बैठक का उद्देश्य आगामी पुनरीक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना रहा।
अधिकारियों ने माना कि राजस्थान के अनुभवों से उत्तराखंड में SIR प्रक्रिया को और बेहतर तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी, जिससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सकेगा।

