देहरादून/दिल्ली। मशहूर यूट्यूबर Anurag Dobhal उर्फ यूके07 राइडर हाल ही में हुए कार हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती हैं। अच्छी खबर यह है कि उनकी हालत अब स्थिर है और उन्हें आईसीयू से बाहर सामान्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
दरअसल, Bigg Boss 17 में नजर आ चुके अनुराग डोभाल ने 7 मार्च की रात इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान बेहद भावुक अवस्था में कार चलाते हुए वीडियो साझा किया था। इसी दौरान उनकी कार Delhi–Meerut Expressway पर हादसे का शिकार हो गई।
जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार में चल रही कार सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद वाहन पलटकर दूसरी लेन में जा गिरा। दुर्घटना में अनुराग डोभाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि हादसे में उनके दाहिने कूल्हे की ऑर्थोपेडिक सर्जरी करनी पड़ी। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि रिकवरी के इस चरण में सिर्फ उनकी पत्नी Ritika Chauhan को ही उनसे मिलने की अनुमति दी गई है, ताकि उनकी प्राइवेसी बनी रहे और इलाज में किसी तरह की बाधा न आए।
शनिवार रात हुए इस हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक दुर्घटना के समय कार की रफ्तार करीब 150 किमी प्रति घंटे बताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या फिर यह जानबूझकर किया गया कदम था।
जांच के तहत पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही अनुराग द्वारा दुर्घटना से पहले की गई लाइव स्ट्रीमिंग की भी जांच की जा रही है।
लाइव वीडियो के दौरान कई फैंस उनसे जुड़े हुए थे और उसी दौरान अनुराग यह कहते हुए भी सुनाई दिए कि “यह उनकी आखिरी यात्रा है।” इसके बाद से उनके फैंस उनकी मानसिक स्थिति को लेकर चिंतित हो गए।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, जबकि अनुराग डोभाल अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में धीरे-धीरे स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं।

