
भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को राज्यसभा उपचुवानों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। पार्टी के एक बयान के मुताबिक केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल को असम और एल मुरुगन को मध्य प्रदेश में राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है।दोनों नेताओं को हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया था। मंत्रिपरिषद में शामिल नेताओं को छह महीने के अंदर संसद का सदस्य बनना होता है।
राज्यसभा के लिए दोनों नेताओं का चुनाव लगभग तय है, क्योंकि दोनों राज्यों की विधानसभाओं में भाजपा के पास बहुमत है।असम में बिस्वजीत दैमारी के विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद राज्यसभा की एक सीट खाली हो गई थी। वहीं, मध्य प्रदेश में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत के कर्नाटक के राज्यपाल के रूप में नियुक्ति के बाद उच्च सदन की एक सीट खाली हो गई थी।इससे पहले सर्बानंद सोनोवाल असम के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। साल 2014 में वो असम की लखीमपुर सीट से भाजपा के टिकट पर जीते थे। इसके बाद जब वर्ष 2016 में असम में विधान सभा चुनाव हुआ था तो उन्हें वहां के सीएम पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।