
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा की मेरिट में जगह बनाने में सरकारी मान्यता प्राप्त अशासकीय विद्यालय फिर आगे रहे हैं। हाईस्कूल मेरिट सूची में शीर्ष नौ रैंक पर अशासकीय विद्यालयों के बच्चे छाए हुए हैं। इंटरमीडिएट में शीर्ष छह रैंक पर अशासकीय स्कूलों के विद्यार्थी छाए हुए हैं।
सरकारी स्कूलों पर मोटा बजट खर्च करने व सुविधाएं बढ़ाने के सरकारी दावों की बोर्ड परिणाम ने पोल खाली है।हाईस्कूल की टाप-25 की मेरिट सूची में 134 बच्चे शामिल हैं। इसमें 119 अशासकीय विद्यालयों से हैं। सरकारी स्कूलों के 14 बच्चों ने मेरिट में जगह पाई है। सरकारी आदर्श बालिका इंटर कालेज की एक छात्रा ने भी मेरिट में जगह बनाई है।
इंटरमीडिएट की टाप-25 मेरिट सूची में 82 विद्यार्थी शामिल हैं। इसमें 66 अशासकीय विद्यालयों से हैं। सरकारी स्कूलों के 12 बच्चों ने मेरिट में अपना नाम दर्ज कराया है। सरकारी आदर्श स्कूलों के चार बच्चे मेरिट में स्थान पाने में कामयाब रहे हैं। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने राज्य में 189 अटल उत्कृष्ट स्कूल शुरू किए थे। यहां के बच्चे भी बोर्ड परीक्षा में कुछ खास नहीं कर पाए।