
चंपावत की जनता ने आखिरकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जीत का ताज पहना दिया। शुक्रवार को जारी परिणामों में सीएम धामी ने 55 हजार से ज्यादा वोट हासिल कर ऐतिहासिक जीत हासिल कर ली है।
उपचुनाव के लिए मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच जिला मुख्यालय के गौरलचौड़ मैदान स्थित वन पंचायत भवन सभागार में शुरू हुई। जिसके बाद मतगणना से शुरू के चरणों से ही मुख्यमंत्री धामी ने बढ़त बनाए रखी। सुबह दस बजे के बाद स्थिति बिल्कुल स्पष्ट हो गई और जीत का ताज पुष्कर सिंह धामी के सिर पर सज गया।
सीएम धामी ने चंपावत उपचुनाव में 58258 से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली। उपचुनाव में ईवीएम से 62898 मत और पोस्टल बैलेट से 1303 वोट पड़े थे। उपचुनाव में पुष्कर सिंह धामी को कुल 55025 वोट मिले हैं।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को 3233 वोट मिले। नोटा के लिए कुल 372 वोट पड़े हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जीत के बाद जश्न का माहौल शुरू हो गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर गुलाल उड़ाया और ढोल नगाड़ों पर खूब थिरके।
चंपावत उप चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जीत की संभावना पहले ही जताई जा रही थी। भाजपा भी लगातार बड़ी जीत का दावा कर रही थी।