देहरादून। लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को लोक भवन परिसर में बहुउद्देशीय भवनों का शिलान्यास किया। इस परियोजना के तहत विभिन्न विभागों और सेवाओं को एक ही परिसर में उपलब्ध कराने की योजना है।
निर्मित किए जाने वाले भवनों में कई महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल होंगी। पहले भवन में समेकित डिस्पेंसरी बनाई जाएगी, जिसमें आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एलोपैथिक चिकित्सा कक्ष होंगे। दूसरे भवन में सूचना परिसर और कैफेटेरिया, तीसरे भवन में लोक निर्माण विभाग (PWD) का कार्यालय तथा चौथे भवन में उद्यान विभाग का कार्यालय स्थापित किया जाएगा।
इन भवनों का निर्माण पारंपरिक पहाड़ी वास्तुकला के अनुरूप किया जाएगा, जिससे प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूती मिलेगी।
राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि इस परियोजना से लोक भवन परिसर में विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे कार्यप्रणाली अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों के साथ-साथ आम जनता को भी बेहतर और त्वरित सेवाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुउद्देशीय अवसंरचना सुशासन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की मौजूदगी से प्रशासनिक समन्वय बेहतर होगा और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं तेजी से मिल सकेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पारंपरिक वास्तुकला के अनुरूप निर्माण से स्थानीय कारीगरों और संसाधनों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल किशोर शुक्ल, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्य सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

