देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में “इंडिया डिजिटल इंपॉवरमेंट मीट एंड अवॉर्ड” समारोह के आयोजकों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टेक्नोलॉजी और साइंस जैसे विषयों पर इस प्रकार के आयोजन बेहद जरूरी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इस सम्मेलन से निकलने वाले निष्कर्ष और सुझाव भविष्य में राज्य और देश के डिजिटल विकास को नई दिशा देंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सामरिक और पर्यटन दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण राज्य है। यहां प्रतिवर्ष 6 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर आते हैं, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
मुख्यमंत्री ने राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विविधता का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में अनेक आकर्षक पर्यटन स्थल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए अनुकूल वातावरण है, जिससे फिल्म उद्योग में भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश के लिए भी उत्तराखंड में बेहतर अवसर हैं और सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने राज्य को “वेडिंग डेस्टिनेशन” के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी जोर दिया और कहा कि इसके लिए आवश्यक आधारभूत संरचना और सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है।
इस अवसर पर सचिव नितेश झा, अपर सचिव आलोक पांडे सहित विभिन्न डाटा सेंटर कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

