नेपाल के आम चुनावों के शुरुआती रुझानों में काठमांडू के मेयर Balen Shah की पार्टी Rastriya Swatantra Party को बढ़त मिलती नजर आ रही है। इन रुझानों के सामने आने के बाद एक बार फिर बालेन शाह की लोकप्रियता और उनके सियासी सफर को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
Balen Shah का जन्म 27 अप्रैल 1990 को Kathmandu में हुआ था। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की, लेकिन साथ ही उन्हें रैप म्यूजिक में भी गहरी दिलचस्पी थी।
रैपर के रूप में उन्होंने कई गाने रिलीज किए, जिनमें भ्रष्टाचार, सामाजिक समस्याओं और सिस्टम की खामियों पर खुलकर बात की गई। उनके गानों और बेबाक राय ने उन्हें युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय बना दिया। इंटरनेट और सोशल मीडिया पर उनकी साफगोई की वजह से उनकी पहचान तेजी से बढ़ी।
बालेन शाह ने साल 2022 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा और काठमांडू के मेयर पद का चुनाव लड़ा। खास बात यह रही कि उन्होंने किसी बड़ी राजनीतिक पार्टी से नहीं, बल्कि निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा।
नेपाल की पारंपरिक राजनीति लंबे समय से बड़ी पार्टियों के इर्द-गिर्द घूमती रही है, लेकिन बालेन शाह ने खुद को सिस्टम से बाहर का उम्मीदवार बताते हुए युवाओं, पेशेवरों और शहरी वोटर्स से समर्थन मांगा। डिजिटल कैंपेन और युवाओं के मजबूत समर्थन की वजह से उन्होंने मेयर चुनाव जीतकर सभी को चौंका दिया।
मेयर बनने के बाद बालेन शाह ने काठमांडू में कई सख्त फैसले लिए। उन्होंने राजधानी में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया और कई अवैध निर्माणों को हटवाया। इसके साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन, कचरा प्रबंधन और शहर की व्यवस्था सुधारने के लिए भी कई कदम उठाए।
बालेन शाह की लोकप्रियता की सबसे बड़ी वजह उनकी अलग राजनीतिक शैली मानी जाती है। वे पारंपरिक नेताओं की तरह भाषण देने के बजाय सीधे और स्पष्ट तरीके से लोगों से संवाद करना पसंद करते हैं।
अब जब चुनावी रुझानों में उनकी पार्टी को बढ़त मिलती दिखाई दे रही है, तो इसे नेपाल की राजनीति में युवा नेतृत्व और नए चेहरों के उभार के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

