
मुंबई में भारी बारिश के चलते शहर में हाहाकार मचा हुआ है, शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया है। शहर के किंग्स सर्कल, दादर, नवी मुंबई, वाशी समेत तमाम इलाकों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। किंग्स सर्कल इलाके के विजय ने कहा कि हम काम पर जा रहे थे। इस इलाके में बीएमसी का सीवेज का पानी भरा हुआ है। जिसकी वजह से आना-जाना बहुत मुश्किल है। सड़कों और ट्रेन की पटरियों पर जलभराव होने से परिवहन सेवा भी प्रभावित हुई। मुंबई के पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों में रात 1 बजे से सुबह 4 बजे के बीच तेज़ बारिश दर्ज की गई। पश्चिमी उपनगरों में मरोल फायर स्टेशन में सबसे ज़्यादा 207 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सांताक्रूज़ के नारियलवाड़ी स्कूल में 202 मिमी बारिश हुई।
भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि मुंबई शहर और आसपास के इलाकों में बहुत तीव्र संवहन दिखा रहा है। यह अगले 2-3 घंटों तक जारी रहने की संभावना है। अगले 3-4 घंटों के दौरान रत्नागिरी, रायगढ़, मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, पालघर ज़िलों में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से तीव्र बारिश होने की संभावना है।