देहरादून। Sanjay Malhotra, गवर्नर Reserve Bank of India ने सोमवार को देहरादून जिले के सहसपुर क्षेत्र में आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर का दौरा किया। यह शिविर CRISIL Foundation के वित्तीय साक्षरता केंद्र (CFL) द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें भोपालपानी, बडासी और सोडा सरौली ग्राम पंचायतों के स्वयं सहायता समूह (SHG) के सदस्य शामिल हुए।
इस अवसर पर गवर्नर ने वित्तीय साक्षरता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जागरूक नागरिक ही मजबूत अर्थव्यवस्था की नींव होते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को भारत सरकार की पेंशन और बीमा योजनाओं का लाभ उठाने तथा दीर्घकालिक वित्तीय स्थिरता की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने CFL अधिकारियों से आग्रह किया कि वे दूरदराज और वंचित क्षेत्रों तक पहुंच बढ़ाएं, ताकि समाज के हर वर्ग को वित्तीय जानकारी मिल सके और वास्तविक वित्तीय समावेशन सुनिश्चित हो। साथ ही, प्रतिभागियों से अपील की कि वे यहां मिली जानकारी को अपने परिवार और समुदाय में साझा करें।
गवर्नर ने स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों से संवाद भी किया और उनके उत्पादों में विशेष रुचि दिखाई। शिविर में बिजनेस कोरेस्पोंडेंट्स (BC) द्वारा बैंकिंग सेवाएं, सिक्के व नोट बदलने की सुविधा, मोबाइल एटीएम वैन और अन्य वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम में Arvind Kumar सहित RBI, Punjab National Bank, State Bank of India और Uttarakhand Gramin Bank के वरिष्ठ अधिकारी तथा ब्लॉक विकास अधिकारी भी मौजूद रहे।

