
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजधानी देहरादून के फेयरफील्ड बाय मेरियट, मालसी में आयोजित उत्तराखंड चौप्टर-2025 कॉन्क्लेव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य में चल रही विकास परियोजनाओं, सुशासन, कानून व्यवस्था और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से अपने विचार रखे।
मुख्यमंत्री ने हाल ही में सामने आए नकल प्रकरण पर कहा कि राज्य सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए SIT का गठन किया है और अब मामले की CBI जांच की सिफारिश भी की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में सरकार ने नकल रोकने के लिए देश का सबसे सख्त कानून लागू किया है, जिसके अंतर्गत 100 से अधिक नकल माफियाओं की गिरफ्तारी हुई है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब तक 25,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है, और भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इस वर्ष अब तक चारधाम यात्रा में 42 लाख श्रद्धालु सकुशल यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने राज्य में प्रारंभ की गई शीतकालीन यात्रा योजना और एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में प्रस्तावित नंदा देवी राजजात यात्रा और वर्ष 2027 में होने वाले हरिद्वार कुंभ मेले की तैयारियों को भव्य स्तर पर किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में ₹3.56 लाख करोड़ के एमओयू साइन हुए थे। अब तक ₹1 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाएं क्रियान्वित हो चुकी हैं। राज्य सरकार ‘एक जनपद, दो उत्पाद’ और हाउस ऑफ हिमालयाज जैसे अभियानों से स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने राज्य में लागू किए गए धर्मांतरण विरोधी, दंगा विरोधी, और समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार सामाजिक संतुलन और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि लैंड जिहाद के खिलाफ कार्रवाई के तहत 9,000 एकड़ से अधिक भूमि को मुक्त कराया गया है, और 250 से अधिक अवैध मदरसे सील किए गए हैं। इसके साथ ही, 2026 से केवल वही मदरसे मान्य होंगे जो राज्य सरकार द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम पढ़ाएंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वदेशी अपनाओ, देश को मजबूत बनाओ” मंत्र को दोहराते हुए नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने की अपील की
इस अवसर पर प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा सहित फिल्म, मीडिया, और विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं।