देहरादून, 12 नवंबर: कांग्रेस हाईकमान ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नेतृत्व फिर से गणेश गोदियाल के हाथों में सौंप दिया है। कांग्रेस महासचिव सी. वेणुगोपाल ने नियुक्ति के आदेश जारी करते हुए गोदियाल को प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया। यह उनके लिए दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनने का मौका है। इससे पहले उन्होंने यह जिम्मेदारी 22 जुलाई 2021 से 10 अप्रैल 2022 तक निभाई थी।
गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस का उद्देश्य आगामी चुनावी तैयारियों को और मजबूत करना और संगठनात्मक मजबूती लाना बताया जा रहा है। उनके अनुभव और संगठनात्मक कौशल को देखते हुए पार्टी हाईकमान ने उन्हें दोबारा इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया है।
अन्य नियुक्तियां
कांग्रेस हाईकमान ने इस बदलाव के साथ ही कई अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपीं हैं।
- प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
- डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
- निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह नियुक्ति कांग्रेस के लिए रणनीतिक कदम हो सकता है, क्योंकि पार्टी आगामी चुनावों में अपनी स्थिति मजबूत करने की तैयारी कर रही है। गणेश गोदियाल का अनुभव और पूर्व कार्यकाल के दौरान उनके नेतृत्व की सराहना की जा चुकी है।
गणेश गोदियाल की दोबारा नियुक्ति से उम्मीद जताई जा रही है कि प्रदेश कांग्रेस संगठन को पुनर्जीवित किया जाएगा और आगामी राजनीतिक मोर्चों पर पार्टी अधिक सक्रिय और संगठित दिखाई देगी।
