भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नितिन नबीन ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर नामांकन पत्र जमा किया, जहां पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।
नामांकन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भाजपा मुख्यालय में उपस्थित रहे। खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं नितिन नबीन के नामांकन प्रस्तावक बने।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनाव 20 जनवरी को आयोजित किया जाएगा और उसी दिन नए अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा भी की जाएगी। इस मौके पर पार्टी के सभी मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। अध्यक्ष पद के चुनाव में कुल 5708 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, अमित शाह समेत पार्टी के शीर्ष नेता शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए तैयार इलेक्टोरल रोल में 30 राज्यों के 5708 मतदाताओं को शामिल किया गया है, जहां संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस सूची में राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद के सदस्य शामिल हैं। नेशनल काउंसिल की पार्लियामेंट्री पार्टी में 35 सदस्य हैं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और राजनाथ सिंह जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
नितिन नबीन बिहार से पांच बार विधायक रह चुके हैं। 15 दिसंबर को उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। 46 वर्षीय नितिन नबीन पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। एक कर्मठ और जमीनी कार्यकर्ता के रूप में उनकी पहचान रही है। उनकी संभावित नियुक्ति को भाजपा संगठन में बड़े बदलाव और नई दिशा के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
