Pushkar Singh Dhami ने शुक्रवार को हिमालयन 0.2 टिहरी लेक फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ किया। पर्यटन, साहसिक खेल, पर्यावरण और संस्कृति के संदेश के साथ शुरू हुए इस महोत्सव में देश-विदेश से आए खिलाड़ियों और पर्यटकों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि Tehri Lake आने वाले समय में देश ही नहीं बल्कि दुनिया में साहसिक खेलों और पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कोटी कालोनी–नई टिहरी रोपवे के निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की नदियां, पर्वत, झीलें और लोक परंपराएं पूरे विश्व को आकर्षित करती हैं और टिहरी झील के किनारे आयोजित यह महोत्सव पर्यटन, खेल और संस्कृति को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी को वाटर स्पोर्ट्स और एडवेंचर स्पोर्ट्स का बड़ा केंद्र बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। यहां कयाकिंग, कैनोइंग, जेट-स्की, पैरा-सेलिंग और स्कूबा डाइविंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं ताकि राज्य के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
उन्होंने बताया कि टिहरी में 400 से अधिक युवा पैराग्लाइडिंग का प्रशिक्षण ले रहे हैं, जो भविष्य में उत्तराखंड को वैश्विक पैराग्लाइडिंग मानचित्र पर पहचान दिलाने में मदद करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 1300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इनमें टिहरी झील का विकास, रिंग रोड निर्माण और तिमाड़ गांव को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करना शामिल है। इसके साथ ही भिलंगना विकासखंड के सुनारगांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जा रहा है।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए जिले के सभी ब्लॉकों में 10 प्लास्टिक वेस्ट कॉम्पेक्टर केंद्र और 4267 कूड़ा संग्रहण केंद्र स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कोटी–डोबरा पर्यटन मार्ग का वर्चुअल शिलान्यास भी किया। एशियन डेवलपमेंट बैंक से वित्तपोषित इस परियोजना की लागत करीब 318 करोड़ रुपये है और इसकी लंबाई लगभग 15 किलोमीटर होगी।
टिहरी लेक फेस्टिवल में 9 मार्च तक विभिन्न साहसिक खेल, पर्यटन गतिविधियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री Subodh Uniyal, सांसद Mala Rajya Laxmi Shah, विधायक किशोर उपाध्याय, विक्रम सिंह नेगी, विनोद कंडारी, शक्तिलाल शाह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर पारंपरिक देवडोलियों के साथ उनका स्वागत किया गया।

