चंबा (टिहरी गढ़वाल)
विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), देहरादून द्वारा एपीएफ हॉल, मसूरी रोड, चंबा में महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन बीआईएस रिसोर्स पर्सन (RP) श्रीमती स्मिता तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीडीपीओ श्रीमती ममता लेखक उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में 55 से अधिक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को बीआईएस द्वारा जारी गुणवत्ता मानकों और प्रमाणन चिन्हों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग, आईएसआई मार्क की पहचान, सीएसआर मार्क तथा उपभोक्ता अधिकार एवं उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के विषय में जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को बताया गया कि उपभोक्ता बाजार में उपलब्ध उत्पादों की गुणवत्ता पहचान कर सुरक्षित एवं मानक उत्पादों का चयन करें तथा अपने गांव और समुदाय में भी उपभोक्ता जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया गया। प्रतिभागियों ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन के लिए भारतीय मानक ब्यूरो का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया और जागरूक एवं सशक्त उपभोक्ता बनाने की दिशा में ऐसे कार्यक्रमों को महत्वपूर्ण बताया गया।

