मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच Iran ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। ईरान के विदेश मंत्री Abbas Araghchi ने कहा है कि Strait of Hormuz पूरी तरह बंद नहीं किया गया है, बल्कि यह केवल उन जहाजों और टैंकरों के लिए बंद है जो ईरान और उसके सहयोगियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में शामिल हैं।
एक इंटरव्यू में अराघची ने कहा कि जलडमरूमध्य बाकी देशों के लिए खुला है और सामान्य जहाजों की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा, “होर्मुज स्ट्रेट खुला है। यह केवल हमारे दुश्मनों और हम पर तथा हमारे सहयोगियों पर हमला करने वाले जहाजों के लिए बंद है।”
ईरानी मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग में कई देशों के जहाज फंसे होने की खबरें सामने आई हैं। इस मार्ग से दुनिया के बड़े हिस्से का तेल परिवहन होता है, इसलिए यहां तनाव बढ़ने से वैश्विक ऊर्जा बाजार भी प्रभावित हो सकता है।
अराघची ने कहा कि कई जहाज सुरक्षा कारणों से खुद ही इस मार्ग से गुजरने से बच रहे हैं, जबकि कई टैंकर अभी भी सामान्य रूप से होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाकेबंदी का उद्देश्य केवल उन देशों को रोकना है जो ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई कर रहे हैं, खासकर United States और Israel।
इसके अलावा ईरान के विदेश मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि Russia और China ईरान के रणनीतिक साझेदार हैं और दोनों देशों के साथ ईरान का घनिष्ठ सहयोग जारी है। उनके अनुसार यह सहयोग केवल कूटनीतिक ही नहीं बल्कि सैन्य और खुफिया स्तर पर भी है।
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर बढ़ता तनाव वैश्विक राजनीति और ऊर्जा सुरक्षा के लिए बड़ी चिंता का विषय बनता जा रहा है।

