चमोली। Pushkar Singh Dhami ने चमोली स्थित बीआरओ गेस्ट हाउस में Badrinath Temple मास्टर प्लान के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान अधिकारियों ने पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।
बैठक में अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी (पीआईयू) योगेश मनराल ने बताया कि मास्टर प्लान के तहत आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, यात्री सुविधाओं के विस्तार, आवागमन व्यवस्था सुधारने और आधुनिक सुविधाएं विकसित करने के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रस्तुतीकरण के दौरान विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सभी कार्य प्रधानमंत्री Narendra Modi के दूरदर्शी विजन के अनुरूप किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य बद्रीनाथ धाम को भव्य, दिव्य और आधुनिक तीर्थस्थल के रूप में विकसित करना है।
सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में उच्च मानकों का पालन अनिवार्य है और पारदर्शिता के साथ तकनीकी दक्षता का पूरा उपयोग किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि धाम में विकसित की जा रही सभी सुविधाओं में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। यात्री आवागमन, आवास, स्वच्छता, पेयजल और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रभावी योजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से लागू किया जाए।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि विकास कार्यों के दौरान धाम की पारंपरिक पहचान, धार्मिक आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि विकास और विरासत के बीच संतुलन बना रहे।
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी बाधा या देरी की स्थिति में तुरंत समाधान किया जाए।
सीएम धामी ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार के सहयोग से बद्रीनाथ मास्टर प्लान के सभी कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण होंगे और यह धाम भविष्य में एक विश्वस्तरीय तीर्थस्थल के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

