पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार ने तुर्की के विदेश मंत्री हाकान फिदान से टेलीफोन पर बातचीत की।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में बताया गया कि दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय घटनाक्रमों, विशेषकर पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बिगड़ते हालात पर चर्चा हुई।
बयान के अनुसार, इशाक डार ने कहा कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान की “आक्रामकता” का जवाब दिया है और अपनी संप्रभुता व अखंडता की रक्षा के लिए सेना ने ऑपरेशन ‘ग़ज़ब-उल-हक’ (Operation Ghazb lil Haq) के तहत हवाई अभियान चलाया है।
दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया और हालात पर करीबी नजर रखने पर सहमति जताई।
पाकिस्तान ने दावा किया है कि बीती रात काबुल और कंधार में हवाई हमले किए गए। वहीं अफगानिस्तान की ओर से पाकिस्तान की करीब 15 सैन्य पोस्ट पर कब्जा करने और फैजाबाद में हमले का दावा किया गया है।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार के मुताबिक, कार्रवाई में 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि 27 चौकियां तबाह कर दी गईं, 9 अन्य पोस्ट पर कब्जा किया गया तथा 2 कोर मुख्यालय, 3 ब्रिगेड मुख्यालय, दो गोला-बारूद डिपो और एक लॉजिस्टिक बेस नष्ट किया गया है।
हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि दोनों देशों के बीच बढ़ता तनाव पूरे क्षेत्र की स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है। ऐसे में तुर्की जैसे क्षेत्रीय खिलाड़ियों के साथ पाकिस्तान की कूटनीतिक बातचीत को तनाव कम करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

