नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होते ही आम जनता को बड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने 1 मई 2026 से एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ा बदलाव करते हुए 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दामों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। नए रेट आज से लागू हो गए हैं।
तेल कंपनियों ने 19 किग्रा कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 993 रुपये तक की वृद्धि की है। हालांकि राहत की बात यह है कि घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
प्रमुख शहरों में नए रेट
नई दिल्ली: 3071 रुपये (पहले 2078 रुपये)
मुंबई: 3024 रुपये (पहले 2031 रुपये)
कोलकाता: 3202 रुपये (पहले 2208 रुपये)
चेन्नई: 3237 रुपये (पहले 2246.50 रुपये)
अन्य शहरों में भी कीमतों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है:
पटना: 3361 रुपये
लखनऊ: 3194 रुपये
जयपुर: 3099 रुपये
छोटे सिलेंडर भी हुए महंगे
सूत्रों के अनुसार, 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमत में भी करीब 261 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब यह 549 रुपये की बजाय 810 रुपये में मिलेगा।
1 मई से गैस सिलेंडर की डिलीवरी के लिए नया ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया है। अब डिलीवरी के समय उपभोक्ता के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा। इस ओटीपी को दिखाए बिना सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी।
सरकार और तेल कंपनियों का कहना है कि यह कदम गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को रोकने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए उठाया गया है।
कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों पर सीधा असर पड़ेगा, जिसका प्रभाव आने वाले दिनों में आम उपभोक्ताओं की जेब पर भी पड़ सकता है।

