वॉशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप पर कथित हमले के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी एक नए वीडियो में आरोपी कोल एलन को होटल के सिक्योरिटी चेकपॉइंट को चकमा देते हुए देखा गया है। यह वीडियो जांच एजेंसियों के लिए अहम सबूत माना जा रहा है।
वीडियो फुटेज में आरोपी तेजी से सिक्योरिटी एरिया की ओर बढ़ता नजर आता है और बंदूक के साथ चेकपॉइंट पार करता दिखता है। इसके बाद अचानक गोलीबारी की घटना होती है। फुटेज में सुरक्षा अधिकारियों को आरोपी पर हथियार ताने हुए भी देखा जा सकता है।
कोलंबिया की यूएस अटॉर्नी जीनिन पिरोनी ने कहा कि वीडियो से साफ संकेत मिलता है कि आरोपी ने पहले होटल परिसर की रेकी की थी और पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। इस हमले में सीक्रेट सर्विस का एक अधिकारी घायल हुआ था।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। उस पर हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, यह अब भी जांच का विषय है कि गोली किसने चलाई और हमले की पूरी साजिश क्या थी।
इस घटना ने अमेरिका में वीआईपी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर आरोपी सुरक्षा घेरा भेदने में कैसे सफल हुआ और क्या इस साजिश में अन्य लोग भी शामिल थे।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।

