केरल के अंगमाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां बेकाबू हुए हाथी ने एक व्यक्ति की जान ले ली, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा किडांगूर महाविष्णु मंदिर के पास हुआ। मृतक की पहचान कोल्लम निवासी 40 वर्षीय विष्णु के रूप में हुई है, जो उस वाहन का चालक था जिसमें हाथी को लाया गया था। वहीं घायल महावत प्रदीप को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि हाथी को पास के एक मंदिर में होने वाले उत्सव के लिए लाया गया था। इसी दौरान हाथी अचानक बेकाबू हो गया और आसपास मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। विष्णु ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन हाथी के हमले का शिकार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हाथी को आक्रामक होते और वाहन चालक को गंभीर रूप से घायल हालत में जमीन पर पड़े देखा जा सकता है।
इस हाथी की पहचान ‘मय्यनाड पार्थसारथी’ के रूप में हुई है, जो एक मंदिर उत्सव में शामिल होने के लिए लाई गई टीम का हिस्सा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हाथी के बेकाबू होने के पीछे क्या कारण रहे। इस घटना से मृतक के परिवार में शोक की लहर है।

