
विधानसभा चुनाव के लिए मोर्चे पर उतर चुकी भाजपा किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती। इसी के दृष्टिगत पार्टी ने अब प्रदेशभर में गांवों में गठित महिला और युवक मंगल दलों से संपर्क साधने की रणनीति बनाई है। पार्टी के महिला व युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है और वे इसमें जुट भी गए हैं। इस पहल से भाजपा गांवों में अपनी जमीन को और मजबूती देने का प्रयास कर रही है।वर्तमान में प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विजय संकल्प यात्रा और जनसुझाव रथों के माध्यम से भाजपा जनता के बीच है। विजय संकल्प यात्रा के दौरान हो रही सभाओं से पार्टी के बड़े नेता भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए हैं तो जनसुझाव रथों पर लगी एलईडी से राज्य सरकार की पांच साल की उपलब्धियों और डबल इंजन के बूते हुए व हो रहे कार्यों का ब्योरा दिया जा रहा है। इसके साथ ही पार्टी ने अपना जनसंपर्क अभियान भी तेज किया है। इसके तहत सभी मोर्चों को काम पर लगाया गया है।
इसी कड़ी में गांवों में गठित महिला और युवक मंगल दलों को भी साधा जा रहा है। प्रदेशभर में 5627 युवक मंगल दल और 5898 महिला मंगल दल अस्तित्व में हैं। महिला व युवक मंगल दलों के लिए प्रदेश की भाजपा सरकार ने ही पहली बार बजट की व्यवस्था की और प्रत्येक दल को 14 हजार रुपये से अधिक की धनराशि दी गई, ताकि वे अपने-अपने गांवों में विभिन्न कार्य संपादित करा सकें। साथ ही कोरोनाकाल में महिला व युवक मंगल दलों द्वारा कोरोना से निबटने को व्यवस्था बनाने में दिए गए सहयोग के लिए उन्हें प्रोत्साहन राशि भी दी जा रही है।
इस सबको देखते हुए भाजपा ने भी महिला व युवक मंगल दलों पर खास ध्यान केंद्रित किया है। पार्टी की रणनीति के तहत भाजपा महिला मोर्चा और युवा मोर्चा की मंडल से लेकर जिला स्तर तक की इकाइयों के पदाधिकारियों को इन दलों से संपर्क साधने का जिम्मा सौंपा गया है। इस दौरान महिला व युवक मंगल दलों को राज्य व केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देने के साथ ही राज्य के विकास की गति तेज करने के लिए फिर से भाजपा को आशीर्वाद देने का आग्रह किया जा रहा है। पार्टी का प्रयास इन दलों के माध्यम से गांवों में अपनी जमीन को और अधिक मजबूती देना भी है। देखने वाली बात होगी कि उसकी यह पहल कितना रंग जमा पाती है।प्रदेश महामंत्री भाजपा कुलदीप कुमार ने बताया कि चुनाव अभियान के तहत पार्टी समाज के सभी वर्गों से निरंतर जनसंपर्क कर रही है। इस कड़ी में महिला व युवक मंगल दलों से भी पार्टी पदाधिकारी संपर्क साध रहे हैं। उन्हें राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी भी दी जा रही है।